मर्यादपुर बाजार स्थित अवैध रूप से संचालित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद जच्चा की हुई मौत पर थ?
- फोटो : MAU
फतेहपुर मंडाव/मधुबन। रामपुर थाना क्षेत्र के सामने बृहस्पतिवार की दोपहर में नाराज ग्रामीणों ने इलाज में लापरवाही से हुई महिला की मौत पर प्रदर्शन किया। डॉक्टर को जिम्मेदार बताते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बाद में परिजनों ने चिकित्सक के खिलाफ थाने में तहरीर दी। रामपुर थाना क्षेत्र के मीरपुर मझौवा निवासी राकेश वर्मा ने बताया कि चार जून को उसके भतीजे धनंजय वर्मा की पत्नी पूनम को प्रसव पीड़ा होने पर मर्यादपुर बाजार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महिला डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड के बाद परिजनों को जच्चा-बच्चा की सलामती का आश्वासन देकर ऑपरेशन कर दिया। कुछ घंटों बाद जच्चा की हालत बिगड़ने पर डॉक्टर उसे लेकर जिला मुख्यालय स्थित एक अस्पताल गई। जहां हालात में सुधार न देख उसे बीएचयू ले जाने की बात कह कर गायब हो गई। बीएचयू में सात जून को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। अंतिम संस्कार करने के बाद आक्रोशित परिजनों ने बृहस्पतिवार की दोपहर 12 बजे रामपुर थाने पर डाक्टर के खिलाफ कार्रवाई को लेकर नारेबाजी कर विरोध जताया। एसओ रामपुर बेलौरी समर बहादूर सरोज ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है पुलिस जांच कर रही है।