फतेहपुर मंडाव ब्लाक क्षेत्र के नई बस्ती दुबारी निवासी एक व्यक्ति ने सोमवार को खंड विकास अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। जिसमें ग्रामसभा द्वारा भूमि स्वामी के खेत में ही मिट्टी डाल कर चकरोड बनाने की शिकायत करते हुए मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। शिकायती पत्र में हरिलाल का पूरा खैरा देवारा निवासी कमलेश चौहान ने बताया कि दुबारी ग्रामसभा के नई बस्ती में अराजी संख्या 3108 में उसका खेत है। जहां ग्रामसभा द्वारा उसके खेत में ही मिट्टी डाल कर चकमार्ग बना दिया गया है, जबकि नक्शे में वहां कोई चकमार्ग नही है। इस बाबत खंड विकास अधिकारी विजय प्रताप सिंह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है, उनके द्वारा मामले की जांच के लिए अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया है।