त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन का लक्ष्य तीसरी बार भी समय से पूरा नहीं हो सका। राज्य निर्वाचन आयोग ने 5 लाख 512 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भेजकर 28 मई तक सत्यापन कराने का निर्देश दिया था।
37 दिनों में 90.05 फीसदी कार्य ही पूरा हो सका है। दो स्थानों पर नाम मिलने के कारण इनमें से 10 हजार 716 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।
वहीं, सत्यापित मतदाताओं में से 4 लाख 39 हजार 982 मतदाता सही पाए गए हैं। सत्यापन के बाद 10 जून को अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जिले में एसआईआर के बाद विधानसभा की सूची में मतदाताओं की संख्या 15 लाख 15 हजार 810 है।
वहीं पंचायत की सूची में 645 ग्राम पंचायतों में 13 लाख 57 हजार 172 और 11 नगर निकायों में 5 लाख 20 हजार 226 मतदाता पाए गए हैं। दोनों सूचियों की तुलना में पंचायत एवं नगरीय निकाय की सूची में 3 लाख 61 हजार 588 मतदाता अधिक दर्ज मिले हैं।
पंचायतों में पहली बार अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 645 ग्राम पंचायतों में 13 लाख 29 हजार 620 मतदाता मिले थे। इस पर आपत्ति निस्तारण की प्रक्रिया चल रही थी। इसी बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं को चिह्नित कर उनका सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
इसके चलते अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तिथि बढ़ाकर 15 अप्रैल कर दी गई थी। इसका सत्यापन अप्रैल के प्रथम सप्ताह में पूरा किया गया था। इस सत्यापन में जिले में 60 हजार 895 मतदाता डुप्लीकेट पाए गए थे, जिन्हें सूची से हटा दिया गया था।
इसके बाद अंतिम सूची के प्रकाशन की तिथि 15 अप्रैल से बढ़ाकर 22 अप्रैल की गई। इसी दौरान राज्य निर्वाचन आयोग ने 13 लाख 57 हजार 172 मतदाताओं में से 5 लाख 512 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची निर्वाचन कार्यालय को भेजकर तीसरी बार सत्यापन के निर्देश दिए।
इनसेट
घोसी में सबसे कम, फतेहपुर मंडाव में सबसे अधिक हुआ सत्यापन
सत्यापन की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार बुधवार तक घोसी में सबसे कम 50 हजार 894 मतदाताओं में से 41 हजार 45 मतदाताओं (80.64 फीसदी) का ही सत्यापन हुआ था। वहीं फतेहपुर मंडाव में सबसे अधिक 63 हजार 763 मतदाताओं में से 59 हजार 303 (94.49 फीसदी) का सत्यापन किया गया।
0000 वर्जन
निर्धारित तिथि से एक दिन पहले 90.05 फीसदी डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन हो गया था। 28 मई तक शेष कार्य पूरा कर लिया जाएगा। 10 जून को अंतिम सूची का प्रकाशन होगा। -होरीलाल यादव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी