बढुआ गोदाम। कोरोना महामारी का असर खत्म होने के बाद चीन में पनपी बीमारी की संभावनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। इसको लेकर बृहस्पतिवार को परदहां ब्लॉक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर माकड्रिल कराई गई। इसमें आक्सीजन प्लांट और वेंटीलेटर की सक्रियता और अन्य संसाधन की जांच की गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परदहां 30 बेड का अस्पताल है। कोरोना महामारी के दौरान कोरोना मरीजों के लिए अस्पताल को एल-2 बनाया गया था। इसके बाद यहां ऑक्सीजन प्लांट और 10 बेड पर वेंटीलेटर की व्यवस्था की गई थी। बृहस्पतिवार को उप मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. आरएन सिंह ने निरीक्षण कर अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट और वेंटीलेटर की क्रियाशिलता की जांच की।
इस दौरान अस्पताल में लगे ऑक्सीजन प्लांट की सभी बेडों तक की सप्लाई जांच की। इसके बाद उन्होंने कोरोना के अन्य संसाधनों में वेंटीलेटर, ऑक्सीमीटर सहित अन्य संसाधनों की जांच करते हुए सीएचसी प्रभारी डा. दिलीप कुमार को ऑक्सीजन प्लांट और वेंटीलेटर बेड को समय-समय पर जांच करने का निर्देश दिया। साथ ही व्यवस्थाएं ठीक रखने को कहा। इस मौके पर अस्पताल के प्रभारी डॉ. दिलीप कुमार, फार्मासिस्ट अजीत कुमार सिंह, स्टाफ नर्स गुड़िया सिंह, शालिनी सिंह, वेंटिलेटर ऑपरेटर सोनम आदि मौजूद रहे।