मऊ। मऊ और दोहरीघाट डिपो के बेड़े में वर्ष 2015 के बाद शामिल होने वाली बीएस-3 बसों में वीएलटी (विकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस) इंस्टाल किया गया है। मऊ डिपो की 23 और दोहरीघाट की 16 बसों में इंस्टाल हुआ है। बसों में लगे डिवाइस से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
बस चालकों और परिचालकों द्वारा लंबी दूरी की बसों को बेवजह जगह-जगह रोककर ले जाने जैसी शिकायतों से निजात तो मिलेगी। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से भी यह बेहतर होगा। इसमें पैनिक बटन लगा है, जिससे किसी भी आपातस्थिति में यात्रियों को खासकर महिलाओं को सहायता मिल सकेगी। इससे बस की रफ्तार का भी पता चलेगा। यात्रियों की सहूलियत के लिए विभाग की ओर से एक विशेष सॉप्टवेयर भी तैयार किया जा रहा है। इससे रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्री मोबाइल पर ही बसों का लोकेशन देख सकेंगे।
विकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस केवल डिपो की वर्ष 2015 के बाद आने वाली बसों में ही इंस्टाल किया गया है। अनुबंधित बसों में निगम द्वारा वीएलटी नहीं लगवाया गया है। बीएस-4 और बीएस-6 की बसों में पहले से ही पैनिक बटन लगा है। मऊ डिपो में 51 बसें हैं, जिनमें 41 रोडवेज और 10 अनुबंधित, दोहरीघाट डिपो में 43 बसें हैं, जिनमें 42 रोडवेज और एक अनुबंधित हैं। डिवाइस लगाने के लिए मऊ डिपो की 34 और दोहरीघाट डिपो की 17 बसों को चिह्नित किया गया था।
मऊ डिपो के बेड़े में वर्ष 2015 से पहले की आठ, 2015 के बाद बीेएस-3 की 23, बीएस-4 की एक और बीएस-6 की आठ बसें हैं। दोहरीघा डिपो के बेड़े में वर्ष 2015 से पहले की पांच, 2015 के बाद बीएस-3 की 17, बीएस-4 की चार, बीएस-6 की 16 बसें हैं। डिवाइस कार्यदायी संस्था ओरियर प्रो द्वारा लगाई गई है। आजमगढ़ रीजन की सभी बसों में डिवाइस लगने के बाद जनवरी 2024 तक कंट्रोल रूम बनकर तैयार होगा। इसमें बड़ी स्क्रीन वाली एलईडी टीवी समेत अन्य उपकरण लगाए जाएंगे। इसमें बसों की स्थिति का पता चल सकेगा।
पैनिक बटन दबाने पर तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल रूम में बैठे कर्मचारी को पता चलेगा जिसके बाद यात्री को सहायता पहुंचाई जाएगी। बस स्टैंड पर आकर बेवजह परेशान होने वाले यात्री भी कंट्रोल रूम से बसों का लोकेशन पता कर सकेंगे।
कोट
रोजवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आजमगढ़ डिपो की बीएस-3 बसों को चिह्नित कर देसी उपकरण वीएलटी डिवाइस इंस्टाल किया गया है। इंडियन रीजनल नेवीगेशन सेटेलाइट सिस्टम से जुड़ी होगी। आपातस्थिति में यात्री पैनिक बटन दबाकर सहायता ले सकते हैं। जनवरी 2024 तक सभी डिपो में कंट्रोल रूम तैयार कर लिया जाएगा। - मनोज कुमार वाजपेयी, आरएम, आजमगढ़
इन डिपो की बसों में लगी है वीएलटी
डिपो चिह्नित संख्या इंस्टालेशन
आजमगढ़ 27 25
मऊ 23 23
दोहरीघाट 17 16
शाहगंज 15 15
ललिया 24 15
बेल्थरारोड 24 00