तहसील क्षेत्र में नवसृजित दो नगर पंचायतों में चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कार्यवाई तेजी से चल रही है। नगर पंचायतों के वार्डों के परिसीमन का कार्य पूरा कर रिपोर्ट मंजूरी हेतु शासन में भेजी जा चुकी है। दोनों नगर पंचायत में 16-16 नए वार्डों को गठित करने का प्रस्ताव लंबित है। इस बीच नगर पंचायत चुनाव को लेकर शासन स्तर से जल्द ही नए आदेश निर्देश आने की संभावना है। प्रथम अध्यक्ष बनने को लेकर दोनो नगर पंचायतों में दर्जनों लोग बैनर व पोस्टर के माध्यम से उम्मीदवारी ठोकने में जुटे हैं।
सपा शासन में चिरैयाकोट और जनपद की बड़ी ग्राम पंचायतों में से एक वलीदपुर को नगर पंचायत बनाए जाने के बाद अब यहां के लोगों को पहले नगर अध्यक्ष का इंतजार है। शासन के निर्देश पर सर्वे के आधार पर वलीदपुर नगर पंचायत की 2011 की जनगणना के आधार पर कुल आबादी 25575 दर्ज है। आबादी के आधार पर यहां कुल 16 नए वार्डों का गठन किया जाना है। इसके अलावा तहसील क्षेत्र के दक्षिणी इलाके में चिरैयाकोट के नाम से गठित नई नगर पंचायत की आबादी 24778 है। इस नगर पंचायत में भी कुल 16 वार्ड गठित किया जाना है। प्रदेश में सत्ता और शासन बदलने के बाद अब लोगो के नगर पंचायत के चुनाव का इंतजार है। बता दे कि नगर निकायों और पालिकाओं का चुनाव इसी साल होना है। इसके लिए पूर्व सपा सरकार के निर्देशानुसार परिसीमन और वार्डो के गठन की कार्यवाई कर मंजूरी के लिए शासन में भेजा जा चुका है। अब देखना है कि नई भाजपा सरकार नगर निकाय चुनावों के लिए निर्धारित प्रावधानों में कोई बदलाव करती है अथवा पहले की तरह ही निकाय चुनाव कराए जाने का निर्देश जारी कर रही है। वैसे अब निकाय चुनाव निकट देखते हुए चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार नगर पंचायतों म्रें बैनर पोस्टर और होर्डिग टांगकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में जुटे हुए हैं।