जिले के प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग सुरेश पासी ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर में वैक्सीनेशन सेंटर का उद्घाटन फीता काटकर किया। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि जो भी व्यक्ति कोविड-19 टीकाकरण के लिए आते हैं उन्हें टीका लगाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें। इसके बाद वृहद पौधरोपण अभियान के अंतर्गत प्रभारी मंत्री ने विकास खंड मुहम्मदाबाद में एवं विकास खंड रानीपुर क्षेत्र के धर्मसीपुर गांव में संत सिरोमणि गुरु रैदास मंदिर के पास पीपल का पौधा लगाया।
विधायक मुहम्मदाबाद गोहना श्रीराम सोनकर, जिलाध्यक्ष भाजपा प्रवीण गुप्ता एवं मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा ने भी पौधरोपण किया गया। इस सत्र में जिले में 30 करोड़ वृहद पौधरोपण अभियान के अंतर्गत जनपद में रविवार को 2051200 पौधे लगाए गए। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सुरेश पासी ने कहा कि पेड़ और पौधे हमारे जीवन का मुख्य बिंदु है। पेड़-पौधे हमें जीवन देने वाली ऑक्सीजन गैस प्रदान करते हैं, जिसके बिना इस ग्रह पर हमारा अस्तित्व असंभव है। इस अवसर पर जिला गन्ना अधिकारी सुनील सिंह, सीएमओ डॉ. सतीश सिंह, परियोजना निदेशक, खंड विकास अधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना सहित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।