नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत टीकाकरण से वंचित वैब (वैक्सीन अवॉइडेंस बिहैवियर) झिझक, उदासीन परिवारों को टीकाकरण कराने के लिए जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। यह सात से 20 नवंबर तक जिले के तीन ब्लाकों रतनपुरा, मुहम्मदाबाद गोहना, बड़राव के साथ मऊ के नगरीय क्षेत्र में किया जा रहा है। यह जानकारी बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेश अग्रवाल ने दी।
बताया कि इन तीन ब्लाकों और शहरी क्षेत्र के 608 परिवार के लोगों ने टीकाकरण से मना कर दिया था। जिसमें यूनिसेफ के द्वारा इस अभियान के तहत 174 परिवारों को मोबाइल कर टीकाकरण किया गया। आगे और इन क्षेत्रों में टीकाकरण के फायदे को ना जानने वाले या उदासीन परिवारों को 12 जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिये टीकाकरण के बाद होने वाले फायदे को लेकर जागरुक किया जा रहा है। वहीं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी नोडल डॉ बीके यादव ने बताया कि यूनिसेफ की टीम ब्लॉक व जिला स्तर पर बहुत ही सतर्कता से कार्य कर रही है। टीकाकरण से 12 जानलेवा बीमारियों से बचा जा सकता है। इसमें टीबी, हेपेटाइटिस-बी, पोलियो, काली खांसी, डिप्थीरिया, टिटनेस, हिब इंफेक्शन, निमोनिया, दस्त, खसरा व रूबेला और दिमागी बुखार आदि प्रमुख हैं। नियमित टीकाकरण न कराने से बच्चे उक्त में से किसी भी बीमारी के शिकार हो सकते हैं। टीकाकरण के प्रति उदासीन परिवारों का नाम और संख्या भी साझा की गई। साथ ही सहयोग करने की अपील की गई।
इन जगहों पर चल रहा है जागरूकता अभियान
यूनिसेफ के डीएमसी सौरभ ने बताया कि टीकाकरण का यह अभियान रतनपुरा, बड़राव, मोहम्मदाबाद गोहना इन तीन ब्लाकों के साथ मऊ शहर में चलाया जा रहा है। जिसमें रतनपुरा ब्लाक के ग्राम बेलौंझा, मखनवा, गाढ़ा, जमीन सहरुल्ला, मखानवा जबकि शहर क्षेत्र के पठान टोला, पूराजहापूरा, डोमनपुरा, छितनपुरा में चलाया जा रहा है। वहीं मुहम्दाबाद गोहना ब्लाक के खैराबाद, अतरारी, भीरा, जमालपुरा जबकओ बड़राव ब्लाक के महुवाबारी गांव में टीकाकरण को लेकर उदासीन परिवारों के लिये यूनिसेफ की ब्लॉक मोबिलाइजेशन टीम द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।