सूरजपुर। दोहरीघाट ब्लॉक क्षेत्र के सूरजपुर में एक व्यक्ति की मौत होने के आठ माह बाद मोबाइल पर दूसरा कोविड डोज सफलता से लग जाने का मैैसेज आया है। मृतक के पुत्र ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर लापरवाही की जांच कराने की मांग की है। सूरजपुर निवासी कैलाश नाथ सिंह (एडवोकेट) को कोविड शील्ड वैक्सीन की पहली डोज 15 मार्च 2021 को लगी थी। दूसरी डोज की तिथि 27 अप्रैल 2021 थी। 29 अप्रैल को उनकी मृत्यु हो गई। गत बुधवार को मोबाइल पर मैसेज आया कि उन्हें 19 जनवरी को दूसरा कोविड डोज सफलता से लग गया। मृतक के पुत्र प्रवीण सिंह ने विभागीय लापरवाही की जांच की गुहार लगाई है। सीएमओ डॉ. एसएन दुबे ने बताया कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच करा कर कार्रवाई की जाएगी।