मऊ। शहर कोतवाली क्षेत्र के कचहरी मोड़ के पास से वरिष्ठ चिकित्सक के घर से किन्नर का नकली रूप बनाकर छिनैती करने वाले गिरोह को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरोह में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल है। पुलिस ने इनके पास से चार पहिया गाड़ी के साथ चोरी का आभूषण बरामद कर चालान कर दिया।
पुलिस अधीक्षक इलामारन जी ने बताया कि नौ नवंबर को शहर कोतवाली क्षेत्र के कचहरी मोड़ स्थित डॉ. गंगा सागर सिंह के आवास में किन्नर का रूप बनाकर तीन महिलाएं अंदर घुसीं। जहां उनकी पत्नी कुसुम सिंह को अकेली पाकर आभूषण छीनकर बोलेरो में बैठकर फरार हो गई। पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इस बीच मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल शातिर महिलाएं कचहरी मोड़ के पास है। पुलिस ने घेराबंदी कर इन्हें गिरफ्तार कर लिया। बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान गाजीपुर के दुल्लहपुर निवासी पुत्तुल उर्फ खुशबुन निशा, निकुरी उर्फ हाजरा खातून, सफरीना निवासी खुदाबक्सपुर के साथ अफजाल अंसारी निवासी कोडारी थाना मरदह जनपद गाजीपुर के रूप में हुई। पुलिस ने इनके पास से छीने गए कान के टप्स, 500 रुपये की नकदी के साथ बोलेरो बरामद की।
घर में अकेली महिला देख मांगती थी आभूषण, नहीं देने पर छीनकर भाग जातीं
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह की महिलाएं सबसे पहले चार पहिया वाहन किराये पर लेकर गांव-शहर में किन्नर का वेश में घूमती हैं। जहां घर में घुसकर अकेली रहने वाली महिलाओं को धर्म का हवाला देकर रुपया पैसा एवं आभूषण मांगती हैं। अगर महिलाएं आसानी से नहीं देती हैं तो जबरदस्ती छीनकर चार पहिया वाहन से भाग जाती हैं। बताया कि इतना ही नहीं यह शातिर अपराधी इस घटना में शामिल चालक को किराया भी देती हैं और ज्यादा आभूषण मिलने पर उसमे भी हिस्सा देते हैं।