परदहां ब्लाक में आए दिन अघोषित बिजली कटौती से क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। लो वोल्टेज के चलते लोग परेशान हैं। गर्मी से बेहाल उपभोक्ताओं का गुस्सा रविवार की रात फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने विद्युत उपकेंद्र पर रविवार की रात जमकर बवाल किया। बिजलीकर्मियों से हंगामा कर रहे लोगों की झड़प भी हुई।
कोटवा स्थित विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र के महलीपुर, कहिनौर, भार, खरगजेपुर, रैकवारेडीह, ओन्हाईच सहित विभिन्न गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। विद्युत उपकेंद्र में लगे वनदेवी फीडर पर ओवरलोड तथा अघोषित बिजली कटौती से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था दयनीय होती जा रही है। बार-बार ट्रिपिंग से नाम मात्र बिजली मिल रही है।
लो वोल्टेज से न तो मोटर चल रहा है। न ही पंखा चल रहा है। गर्मी व उमस से बेहाल हैं। शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने बिजलीकर्मियों से दुर्व्यवहार किया। साथ ही जमकर तोड़फोड़ किया। देर तक नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वनदेवी फीडर पर क्षमता से अधिक कनेक्शन दिए गए हैं।
इसके चलते बार-बार फीडर ट्रिप हो जा रहा है। रात के समय बार-बार बिजली गुल रहने से नींद पूरी नहीं हो पा रही है। समय से बिजली बिल जमा करने के बाद भी भरपूर बिजली नहीं मिल पा रही है। उपभोक्ताओं के दुर्व्यवहार के बाद बिजली कर्मियों ने विद्युत आपूर्ति ठप कर दी। बिजली गुल रहने से लोग गर्मी व उमस से परेशान रहे। सुबह काफी मान मनौव्वल के बाद मामला शांत हो सका। इस बाबत जेई जय प्रकाश यादव का कहना है कि रविवार की रात कुछ लोगों ने तैनात कर्मचारियों से दुर्व्यवहार किया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गयी है।