मऊ। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन चयनित परीक्षा केंद्रों की सूची पांच दिन बाद जारी होगी। चयनित केंद्रों की सूची जारी होने के दो दिन बाद डिबार केंद्रों की सूची प्रदर्शित की जाएगी। आगामी बोर्ड परीक्षा में लगभग 71900 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जिले में 506 माध्यमिक विद्यालय हैं। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण की कवायद तेजी से चल रही है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया चल रही है। अब तक हाईस्कूल में 37065 और इंटरमीडिएट में 34835 सहित 71900 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। बोर्ड परीक्षा केंद्र को लेकर जिले में राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त विद्यालयों को अवस्थापना संबंधी संसाधनों और आधारभूत सूचनाओं को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए 24 अगस्त तक का समय दिया गया था।
विद्यालयों का भौतिक सत्यापन तीन सितंबर तक पूरा किया गया। तहसील स्तरीय समिति की आख्या जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से 12 सितंबर तक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया गया था। ऑनलाइन चयनित परीक्षा केंद्रों की सूची 21 सितंबर को जारी होगी। चयनित केंद्रों की सूची जारी होने के दो दिन बाद 23 सितंबर को डिबार केंद्रों की सूची प्रदर्शित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों को लेकर विद्यालयों और संबंधित पक्षों से 28 सितंबर तक ऑनलाइन आपत्तियां मांगी जाएंगी। प्राप्त आपत्तियों का जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर से निस्तारण आठ अक्तूबर तक किया जाएगा। आपत्तियों के निस्तारण के बाद संशोधित केंद्र सूची 17 अक्तूबर को वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी, इसमें डिबार, मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई वाले और अन्य अनर्ह विद्यालयों की 22 अक्तूबर तक अंतिम आपत्तियां होंगी। प्राप्त अनुमोदित केंद्रों के संबंध में अंतिम आपत्तियां 29 अक्तूबर तक प्राप्त की जाएंगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 29 अक्तूबर को फाइनल सूची जारी कर दी जाएगी। इस बाबत जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद का कहना है कि बोर्ड की तरफ से निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ऑनलाइन चयनित परीक्षा केंद्रों की सूची 21 सितंबर को जारी होगी। प्रक्रिया चल रही है।