मऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा फरवरी में प्रस्तावित है, लेकिन परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए केंद्रों के निर्धारण करने प्रक्रिया की अभी से चल रही है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देश पर जिले के सभी तहसीलों में गठित की गई टीमों ने विद्यालयवार अपनी जांच रिपोर्ट डीआईओएस को भेजी है। अब इस जांच आख्या को बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद परिषद की ओर से मानक के अनुसार परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा।
जिले में 17 राजकीय, 67 सहायता प्राप्त, 444 मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए हाईस्कूल में 39 हजार 213 और इंटरमीडिएट में 39 हजार 773 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग परीक्षा केंद्र बनाए जाने को लेकर माध्यमिक विद्यालयों की जांच-पड़ताल कराई गई है।
जिलाधिकारी की ओर से चार तहसील के एसडीएम की अगुवाई में टीमें गठित की गई हैं। जांच टीमों ने अपने-अपने तहसील में संचालित माध्यमिक विद्यालयों में बिजली, पेयजल, चहारदीवारी, सीसीटीवी कैमरा, विद्यालय तक पहुंचने का रास्ता समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं का आकलन करते हुए विद्यालय वार रिपोर्ट डीआईओएस को उपलब्ध कराया है। टीम द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट को माध्यमिक शिक्षा परिषद के पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। इसके बाद परिषद की ओर से विद्यालयों को बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र बनाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जांच टीम द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट को माध्यमिक शिक्षा परिषद के पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद परिषद की ओर से विद्यालयों को बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र बनाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। - रमेश कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, मऊ