हलधरपुर थाना क्षेत्र के रजडिहा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में लगी संत रविदास जी की मूर्ति को शुक्रवार रात अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने देखा कि प्रतिमा क्षतिग्रस्त है।
धीरे-धीरे मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थलीय निरीक्षण किया। प्रतिमा तोड़े जाने से ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ग्राम प्रधान राजेश सिंह ने कहा कि दो हफ्ते के अंदर क्षतिग्रस्त प्रतिमा को हटाकर नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी। थानाध्यक्ष जीतेंद्र कुमार ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया गया और आस-पास के लोगों से पूछताछ की गई।
उन्होंने कहा कि किसी अराजक तत्व ने प्रतिमा का हाथ तोड़ दिया। मौके पर शांति बनी हुई है और ग्राम प्रधान ने जल्द नई प्रतिमा स्थापित करने की बात कही है।