पकड़ी मोड़ के पास बृहस्पतिवार की देर शाम बेकाबू वाहन ने स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। स्कूटी चला रहे प्रधानाध्यापक गंभीर रूप से घायल हो गए, जहां देर शाम इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रधानाध्यापक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार घोसी कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बाजार निवासी केदारनाथ सोनकर गौरीडीह जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक पद के तैनात थे।बृहस्पतिवार की देर शाम वह स्कूल के बंद होने के बाद रोज की तरह अपनी स्कूटी से वापस घर लौट रहे थे।
अभी वह पकड़ी मोड़ के पास पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी, टक्कर लगते ही स्कूटी सहित केदारनाथ कई मीटर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
उधर हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित फरार हो गया। घायल की चीख पुकार सुनकर आस पास के लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए घायल को घोसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया। सूचना पाकर पहुंचे परिजन घायल को जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में लाकर भर्ती कराया, जहां देर शाम करीब नौ बजे घायल केदारनाथ की मौत हो गई।
जानकारी होते ही पत्नी सत्ती देवी,दोनों पुत्रों श्री राम, अर्जुन के साथ चारो पुत्रियों का रोकर बुरा हाल था, वहीं इस मामले में मृतक के पुत्र श्रीराम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।