मुहम्मदाबाद गोहना। कोतवाली क्षेत्र के अतरारी चुंगी के पास बुधवार की देर रात एक बाइक में पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं सवार महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित भाग गया। महिला आजमगढ़ जिले की निवासी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के देवकली तारन गांव निवासी उर्मिला देवी (55) मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा के जमालपुर में चल रहे धार्मिक प्रवचन में सम्मिलित होने के लिए अपने बहनोई घोसी कोतवाली के रसवरियापार भोपौरा गांव निवासी आलोक तिवारी के साथ आई थी।
प्रवचन के बाद वापस वह अपने घर को लौट रही थी। बाइक अभी अतरारी चुंगी के पास पहुंची थी कि घोसी की तरफ से आ रहे बेकाबू वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक दूर जा गिरी, जिससे आलोक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उर्मीला देवी की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पहुंची मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस ने घायल को मुहम्मदाबाद गोहना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालात देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद आजमगढ़ रेफर कर दिया।
उधर सूचना मिलने के बाद पहुंचे महिला के पुत्र ओमकर दुबे ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।