कोपागंज थाना क्षेत्र के नयापुरा में सड़क के किनारे लगाए खुले में लगाए गए ट्रांसफार्मर से एक डीसीएम बृहस्पतिवार की सुबह टकरा गया। डीसीएम के टक्कर से ऊपर से गुजरे तार भी इसके जद में आने से एक बिजली का खंभा उखड़कर नीचे आ गिरा। गनीमत था कि हादसे के समय बिजली आपूर्ति बंद थी।
उधर इस हादसे को लेकर स्थानीय लोगों ने बिजली निगम के जिम्मेदारों को लेकर प्रदर्शन किया, साथ ही सड़क पर नियम को ताक पर रखकर स्थापित ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग की। बताते चले कि बिजली निगम द्वारा कोपागंज नगर पंचायत के नयापुरा मुहल्ले में आपूर्ति को लेकर भातकोल मार्ग पर सड़क किनारे 250-250 केवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाया गया है।
ट्रांसफार्मर के चलते ही कुछ हिस्से में सड़क को दूसरी लेन नहीं बन सका है।बृहस्पतिवार की सुबह नौ बजे के करीब इसी मार्ग पर निकल रहा एक डीसीएम अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से जा टकराया।इतना ही नहीं इस मुहल्ले में काफी समय से नीचे लटक रहे बिजली का तार भी डीसीएम के ऊपर निकले एंगल में जा फंसे, जिसके चलते एक बिजली का खंभा इससे उखड़ गया।
वहीं तार भी सड़क आ गिरा, लेकिन गनीमत था कि हादसे के समय बिजली आपूर्ति बंद थी, जिससे कोई बड़ी घटना होने से बच गई। वहीं इस हादसे के बाद अब्दुलाह, मुहम्मद अजमल, इनामुल हक, शकील, अल्तमस, इरशाद अहमद आदि लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।
आरोप लगाया कि मानक को दरकिनार रखे गए ट्रांसफार्मर और नीचे लटक रहे तारों के संबंध में कई बार बिजली निगम के अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायत कराने के बाद भी इसको लेकर कभी ध्यान नहीं दिया गया। जिससे यह हादसा हुआ।