सरायलखंसी थाना क्षेत्र के महासो मोड़ के पास मऊ-आजमगढ़ मार्ग पर मंगलवार की रात एक अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा गई। इस दौरान कार चला रहे युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक बच्ची सहित तीन लोग बुरी तरह से घायल हो गए। घंटों मशक्कत के बाद घायलों को लोगों ने कार से निकाला।
सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों को यहां से रेफर कर दिया गया है। उनका इलाज कसबे के ही एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
अंबेडकर नगर के टांडा थाना क्षेत्र के पूरब गांव निवासी मुहम्मद आरिफ (38) पुत्र तनवीर आलम अपनी पत्नी शमा परवीन (28), पुत्री अलिसफा (5) साल और चचेरे भाई मुहम्मद राशीद (22) पुत्र जफर अहमद के साथ अंबेडकर नगर से मऊ स्थित अपने ससुराल आ रहा था।
इसी बीच जैसे ही कार सरायलखंसी थाना क्षेत्र के महासो मोड़ के पास पहुंची, वह अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। पेड़ से कार की टक्कर इतनी तेज हुई कि उसके परखच्चे उड़ गए। कार चला रहे आरिफ की मौके पर मौत हो गई। जबकि राशीद, शमा और आलिसफा गंभीर रूप से घायल होकर कार में ही दबे रहे।
घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने किसी तरह से घायलों को कार से निकालकर जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया।