वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के देवलास के पास बृहस्पतिवार की शाम को दो मोटरसाइकिलें में आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में बाइक चालक और युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, दूसरी बाइक का चालक घायल होने के बाद भी भाग गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल लाकर भर्ती कराया। इलाज के दौरान एक घायल की मौत हो गई। घोसी कोतवाली क्षेत्र के प्यारेपुर निवासी श्रीभाग चौहान (55) पुत्र कावलदेव ने अपनी बेटी प्रियंका को मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। बृहस्पतिवार की शाम वह और उनका भतीजा मनोज अस्पताल पहुंचे। इलाज के बाद प्रियंका को एंबुलेंस से घर भेजने के बाद बाइक से वापस जा रहे थे। देवलास के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में श्रीभाग और मनोज घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मुहम्मदाबाद गोहना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने श्रीभाग को मृत घोषित कर दिया। मनोज की गंभीर हालात देखकर परिजनों ने उसे जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में लाकर भर्ती कराया।