नगर के बंधा रोड स्थित शक्ति घाट के सेनानी भवन में मंगलवार को अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से उमाशंकर ओमर को संगठन का नया जिलाध्यक्ष चुना गया। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिस आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने सुख, परिवार और जीवन तक की परवाह नहीं की, आज उन्हीं के परिवार मूलभूत अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष करने को विवश हैं।
बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया ऑनलाइन करने की मांग की गई। संगठन के सदस्यों ने कहा कि इससे सत्यापन प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और फर्जी प्रमाण-पत्रों पर रोक लग सकेगी। इसके अलावा सेनानी परिवारों को मिलने वाले आरक्षण का लाभ दो पीढ़ियों तक सीमित न रखने, सेनानियों के आवास के पास इतिहास की स्मृति को संरक्षित करने के लिए ‘स्मृति द्वार’ बनवाने तथा बुजुर्ग आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। उमाशंकर ओमर ने कहा कि वह सेनानी परिवारों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई को पूरी मजबूती से आगे बढ़ाएंगे। बैठक में सत्येंद्र पांडेय, आनंद ओमर, सतीश वर्मा, सुशील कुमार पांडेय, दिनेश कुमार सिंह, हैदर अली, प्रशांत शुक्ला, अनिल विश्वकर्मा और विजय बहादुर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।