घोसी। नगर से सटे फोरलेन पर बृहस्पतिवार की रात में गोली चलने से युवक के घायल होने के मामले में कोतवाली पुलिस ने शनिवार को घायल के पिता इमरानुल्लाह की तहरीर पर दो युवकों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।घोसी नगर के मदापुर सम्सपुर बैसवाड़ा निवासी इमरानुल्लाह की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के अनुसार वृहस्पतिवार की रात्रि में मदापुर निवासी सैफ और इस्लामपुरा परती निवासी साकिब इमरानुल्लाह के दरवाजे पर आए। दोनों इमरानुल्लाह के बेटे अल्तमस को अपनी मोटरसाइकिल पर बिठा कर फोरलेन बाईपास के पास गौरीडीह गांव के पास ले गए और वहां गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर अल्तमस को गोली मार दिए। गोली उसकी जांघ में लगी। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया ।इस संबंध में पुलिस ने इमरानुल्लाह की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर बैसवाड़ा निवासी एवं आरोपी मोहम्मद सैफ अंसारी एवं इस्लामपुरा परती निवासी साकिब पुत्र अहमद खान को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।