हलधरपुर। थाना क्षेत्र के थलईपुर गांव के पास लखनऊ-बलिया स्टेट हाईवे पर बुधवार की रात आठ बजे के करीब अनियंत्रित कार सामने जा रही ने बाइक को टक्कर मार दिया। जिससे सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गई और उसमें आग लग गई। हादसे में बाइक पर तीन में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है। उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद कार सवार फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार हलधरपुर थाना क्षेत्र के पहसा गांव निवासी दिनेश पुत्र शंभू बांसफोर, राजू पुत्र मिल्लू और विनोद पुत्र श्यामदेव एक बाइक पर सवार होकर बुधवार की रात हलधरपुर बाजार से पहसा लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक थलईपुर गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज गति से आ रही कार ने बाइक में जोरदार टककर मार दिया। दुर्घटना के बाद कार सड़क के किनारे मौजूद गड्ढे में पलट गई। लेकिन दूसरी तरफ टक्कर लगने के बाद बाइक की टंकी फट गई और उसमें आग लग गई। हादसे में बाइक पर सवार तीन युवक दूर जा गिरे। इस दौरान बाइक पर सवार तीन में से एक की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को पिकअप पर लादकर जिला अस्पताल भेजवाई। लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही एक अन्य युवक की भी मौत हो गई। पुलिस के प्रयास से शिनाख्त होने पर पता चला कि हादसे में दिनेश और राजू की मौत हो गई। जबकि विनोद की हालत गंभीर है। उसका सदर अस्पताल में उपचार चल रहा। दुर्घटना के बाद आग लगने से जहां बाइक पूरी तरह से राख हो गई, वहीं दुर्घटग्रस्त कार का नंबर प्लेट टूटा होने के कारण उसका भी पता नही चल पा रहा था। थानाध्यक्ष हलधरपुर निहारनंदन ने बताया कि कार और उसमें सवार लोगों का पता लगाया जा रहा।