मऊ जिले में बीते 24 घंटे से कम अंतराल में कोहरे के चलते चार युवकों ने अपनी जान गंवाई। बुधवार की देर शाम सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बढुआ गोदाम में पास कोहरे के चलते एक बाइक खड़े डंपर से जा टकराई। हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों मृतक गाजीपुर जिले के निवासी थे। घटना के समय वह मऊ से घर लौट रहे थे।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार गुलशन यादव (23) पुत्र सीता राम गाजीपुर जनपद के मरदह थाना क्षेत्र के मटेंहू गांव के निवासी थे। बुधवार की शाम वह अपने गांव निवासी मित्र जितेन्द्र राजभर (32) पुत्र नंदलाल राजभर के साथ मऊ जिला मुख्यालय किसी काम से आए थे। वापस लौटते समय वह बढुआ गोदाम के पास पहुंचे ही थे कि घने कोहरे में फोरलेन सड़क पर खड़े डंपर में उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
इसे भी पढ़ें; UP: बिस्तर पर मिला परियोजना कर्मी का शव, मुंह से निकल रहा था झाग; शव के पास पड़ी थी शराब और फिनायल की बोतल
हादसे में गुलशन यादव की मौके पर मौत हो गई, जबकि जितेन्द्र राजभर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जितेन्द्र राजभर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत खराब होने पर उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। जिसकी बृहस्पतिवार की सुबह एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। इस घटना को लेकर थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, कोहरे के चलते यह हादसा हुआ है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।