अज्ञात वाहन के कुचलने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों निमंत्रण में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों का शव कब्जे में लिया और छानबीन में जुटी।
मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के गोठा बाईपास फोरलेन पर देर रात लगभग एक बजे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
विज्ञापन
यह है मामला
जानकारी के अनुसार घोसी कोतवाली क्षेत्र के बहरामपुर निवासी श्रेयांष मिश्रा (21) पुत्र अरविंद मिश्रा सोमवार की रात हलधरपुर थाना क्षेत्र निवासी अजित यादव (20) के साथ दोहरीघाट थाना क्षेत्र के सियरहि गांव निमंत्रण में आया था। देर रात लगभग एक बजे निमंत्रण से दोनों वापस घर जा रहे थे। अभी दोनों गोठा बाईपास फोरलेन पर ही पहुंचे थे कि गोरखपुर की तरफ से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क पर घायल पड़े देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दोहरीघाट थानाध्यक्ष प्रमेंद्र कुमार सिंह ने दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोहरीघाट पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।