दुबारी। मधुबन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुंवरपुरवा ग्राम पंचायत के मित्तुपुर में सोमवार की रात को पूर्व प्रधान के घर में घुसकर चोर 15 हजार रुपये नगदी सहित लगभग दो लाख के गहने चुरा ले गए। घटना की जानकारी परिजनों को सुबह हुई। एक नवविवाहित जोड़ा प्रथम तल पर दूसरे कमरों में सो रहा था। चोरों की कारस्तानी की जानकारी घर वालों को बुधवार की सुबह हुई। पीड़ित गृहस्वामी ने स्थानीय चौकी की पुलिस को तहरीर दी है। मधुबन थाना क्षेत्र के मित्तूपुर के पूर्व प्रधान मुन्ना यादव पुत्र नगीना यादव के घर परिवार के लोग रोज की भांति मंगलवार की रात को भोजन के बाद भूतल पर बने कमरों में सो गये। इधर चोर उसी रात को पड़ोसी के मकान की छत से होकर पूर्व प्रधान के मकान के प्रथम तल पर आ गए। चोरों ने कमरे में घुस कर आलमारी एवं बक्सा की कुन्डी तोड़ कर उसमें रखे सोने की दो माला, सोने की दो अंगूठियां, चांदी की पायल और 15 हजार रुपये नगद चुरा लिया। परिवार के लोग जब सुबह जगे तो कमरे के सामन तितर बितर देखर कर चौंक गए। महिलाएं जब कमरे में गई तो देखा कि पूरे कमरे में कपड़े बिखरे हुए थे और आलमारी तथा बाक्स की कुन्डी टूटी हुई थी। यह खबर अगल बगल में फैलते ही पूर्व प्रधान के घर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पूर्व प्रधान ने 112 डायल पुलिस को मोबाइल से सूचना दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी लिया। गृहस्वामी ने पुलिस को लिखित तहरीर दी है। इस संबंध में चौकी प्रभारी धनंजय सिंह का कहना है कि चोरी की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है । वैसे तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जाएगी।