मऊ। बीते 20 फरवरी को इंटरमीडिएट भौतिक शास्त्र का साल्वर पेपर वाट्सप पर वायरल होने के बाद माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से 67 परीक्षा केंद्रों की निरस्त की गई परीक्षा अब 12 मार्च को होगी। यह जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने दी। उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद से जारी हुए आदेश के क्रम में यह परीक्षा पुन: होगी। डीआईओएस ने बताया कि 12 मार्च को परीक्षा पूर्वाह्न आठ बजे से शुरु होकर 11.15 बजे तक चलेगी। यह परीक्षा 06869 से 06869 कोड वाले परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी। संबंधित परीक्षार्थी अपने विद्यालय या परीक्षा केंद्र पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैँ। बताते चले बीस फरवरी को भौतिक शास्त्र के पेपर का साल्वर वाट्सप पर वायरल हो गया था। शाम को होने वाली परीक्षा का साल्वर सुबह आठ बजे वायरल होने पर डीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने इसकी जांच कराई। जांच के दौरान स्पष्ट ंहो गया कि हल पेपर बीस फरवरी को दूसरी पाली में वित्त विहिन कालेजों पर होने वाली परीक्षा से संबंधित था। इस दौरान डीएम ने पेपर वायरल करने वाले प्राथमिक के शिक्षक ओंमकार यादव, प्रिंस जैसवारा के साथ कृष्णा इंटर कालेज पिपरीडीह के प्रबंधक तेज बहादुर यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दी। जबकि इस मामने में गोपाल दुबे और अजीत यादव को भी आरोपित किया गया था। डीएम के द्वारा भेजी गई परीक्षा निरस्त की रिपोर्ट पर माध्यमिक शिक्षा परिषद ने मान लिया था।