जनपद के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मार्ग दुर्घटनाओं में सोमवार को दो व्यक्तियों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मधुबन थाना क्षेत्र की ग्राम सभा तिनहरी में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, तो लोगों ने सड़क जाम कर दिया। वहीं घोसी कस्बा में भी सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया।
मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा तिनहरी का 32 वर्षीय रामशृंगार राजभर ठेला चलाकर अपनी रोजी रोटी चलाता था। सोमवार को लगभग छ: बजे वह साइकल से बाजार में सब्जी लेकर घर जा रहा था। उसी समय मझवारा की तरफ से तेज रफ़्तार एक कार ने साइकल में टक्कर मार दी।
इसके बाद वाहन लेकर चालक भाग गया। रामशृंगार ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी जैसे ही गांव वालों को हुई उन्होंने शव को सड़क पर रखकर वाहन चालक को पकड़ने और उसके परिवारीजन को तुरंत मुआवजा देने की मांग कर मधुबन-मझवारा मार्ग पर जाम लगा दिया।
सूचना पाकर पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंची और जाम खुलवाया। स्थानीय लोगों की माने तो वाहन चालक ने साइकल में धक्का मारने के बाद भागने के चक्कर में एक मोटरसाइकल सवार को भी टक्कर मार दी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, कोतवाली के गौरीडीह निवासी 65 वर्षीय शिवबचन सोमवार को घोसी नगर के सीताकुंड के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर रहे थे की मझवारा मोड़ की तरफ से आ रही मोटरसाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे शिवबचन घायल हो गए साथ ही रसूलपुर भैरोपुर निवासी मोटर साइकिल सवार जलाल अहमद भी घायल हो गया। जिन्हें लोगों ने तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां शिवबचन की मौत हो गई।