मझवारा। घोसी कोतवाली क्षेत्र के पवनी गांव में डीह स्थान की जमीन पर कब्जे को लेकर तीन महीने से चल रहा विवाद शुक्रवार रात हिंसक हो गया। बची जमीन पर कब्जे के लिए दीवार निर्माण का मीना गोंड़ ने विरोध किया।
आरोप है कि इस पर राजकमल प्रजापति ने परिजनों के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर दोनों पक्षों के परिजन मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में दो लोग घायल हो गए।
मारपीट के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डीह स्थान पर कब्जा कर बनाई जा रही दीवार को गिराना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर डायल 112 की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मीना गोंड़ के पति धर्मेंद्र गोंड़ और दूसरे पक्ष के राजकमल प्रजापति को हिरासत में लेकर घोसी कोतवाली ले गई। शनिवार को दोनों को पाबंद करते हुए न्यायालय चालान कर दिया गया।