मधुबन। सरकारी अस्पतालों से डॉक्टरों के गायब रहने की शिकायत मिलने पर शुक्रवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसएन दुबे ने तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो अस्पतालों पर बिना सूचना के गायब दो चिकित्सकों का वेतन रोकने के साथ स्पष्टीकरण का नोटिस जारी किया। बृहस्पतिवार को अमर उजाला में छपी खबर पर सीएमओ ने उक्त कदम उठाया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसएन दुबे ने बताया कि उन्हें मधुबन तहसील के कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉक्टरों के अनुपस्थित रहने की शिकायत मिल रही थी। सुबह सबसे पहले दुबारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। यहा कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर दिग्विजय नाथ पांडेय बृहस्पतिवार से बिना किसी सूचना के गायब थे। उनका वेतन रोकने के साथ स्पष्टीकरण मांगा गया। सुग्गीचौरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में चिकित्सक मुहम्मद रिजवान और फार्मासिस्ट अशोक सिंह गायब मिले। दोनों का वेतन रोकते हुए चिकित्सक के स्थानांतरण जबकि फार्मासिस्ट का वेतन रोकने की कार्रवाई की गई। बेलाकसेला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में डॉक्टर वीके यादव, वीएन राय मौजूद मिले।