जनपद के दो थाना क्षेत्रों में सोमवार की शाम सड़क हादसों में युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई। चिरैयाकोट कस्बे में सड़क पार करते समय साइकिल सवार एक युवती को तेज गति ट्रक ने रौंद दिया जबकि सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सिकठिया ओवर ब्रिज पर रेलिंग से टकरा कर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। चिरैयाकोट पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
सरायलखंसी थाना क्षेत्र के मऊ-बलिया मार्ग पर सोमवार की शाम सिकटिया ओवर ब्रिज पर घुमावदार स्थान पर बाइक से गिरकर एक युवक रेलिंग से टकरा गया। सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराने की कोशिश किया लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
उधर चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के बस्ती चक गांव निवासी सुरेंद्र यादव की पुत्री नीलम यादव (18) किसी काम से साइकिल से बाजार में आई थी। शाम पांच बजे आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग पर बाजार तिराहे के पास आजमगढ़ की ओर से तेज गति से आ रही ट्रक ने उसे कुचल दिया। जिससे मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। नीलम की शादी गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के गदाईपुर अहिरौली गांव निवासी पिंटू यादव के साथ हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके और ससुराल वाले पहुंच गए।