रतनपुरा। हलधरपुर थाना क्षेत्र के बेलोंझा के पास बृहस्पतिवार की दोपहर में आमने-सामने दो बाइकों में टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक के चालकों की मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय तेज गति होने और दोनों बाइक चालकों के हेलमेट नहीं पहने थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार हलधरपुर थाना क्षेत्र के बिलौझा ग्राम पंचायत के कुंडवा बर पुरवा निवासी बेचू (45) अपने पुत्र राम आशीष (18) के साथ बाइक से होली की खरीदारी करने के लिए तरवाड़ीह चौक पर आ रहे थे।
वहीं कुड़वा बर पुरवा ग्राम पंचायत निवासी रवि कुमार (22) बाजार कर अपने घर लौट रहा था। दोनों बाइक चालक तरवाडीह चट्टी से लगभग 100 मीटर दूर नगरा मार्ग के तरफ पहुंचे दोनों में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के समय दोनों बाइक चालक में से किसी ने हेलमेट नहीं पहना था।
हादसे के बाद घायलों को स्थानीय लोगों ने रतनपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया। जहां दोनों राम आशीष और रवि कुमार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरे घायल बेचू की हालात अब भी गंभीर बनी है।
दो गांव में पसरा मातम
रतनपुरा। हादसे की सूचना जैसे ही गांव में पहुंची मातम पसर गया। मृतक राम आशीष और रवि कुमार दोनों ही मजदूरी करके घर की रोजी-रोटी चलाते थे। राम आशीष दो भाइयों में बड़ा था। इसका छोटा भाई अक्षय कुमार 14 वर्ष और बहन अंजू 16 वर्ष की है। हादसे की सूचना पर राम आशीष की मां उर्मिला देवी और घायल पिता बेचू का रोते-रोते बुरा हाल है। वहीं रवि कुमार तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था, बड़ा भाई जितेंद्र एवं छोटा भाई धर्मेंद्र है। इसकी चार बहने हैं। रवि की माता सुभावती देवी एवं बहन लक्ष्मी पुलिसिया फुलवा और पिता राम लखन का भी रोते-रोते बुरा हाल है।