स्थानीय पुलिस ने शुक्रवार की दोपहर में औसतपुर गांव के पास से दो चोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से चोरी की लग्जरी कार, बाइक और मोबाइल बरामद किया है। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों का चालान कर दिया गया है।
चिरैयाकोट थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की कार लिए शातिर चोर औसतपुर के पास से गुजरने वाले है। सूचना के बाद पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को देखकर कार में सवार दो लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस घेराबंदी के चलते वह पकड़े गए। पूछताछ में दोनों की पहचान नीरज कुमार यादव पुत्र रमेश यादव और दूसरा विशाल यादव पुत्र रामअवध यादव निवासी आजमगढ़ के रूप में हुई। वहीं इसके पास से चोरी की बाइक और मोबाइल भी बरामद किया। बरामद कार के संबंध में दोनों ने बताया कि वे बीते दिनों कार मनाजीत बाईपास से चोरी किए थे।