कोपागंज/मऊ। स्थानीय थाना क्षेत्र के डांडी मोड़ पर बृहस्पतिवार की देर शाम आठ बजे के करीब प्रवासी मजदूरों और ट्रक चालक के बीच किराए को लेकर विवाद के बाद मारपीट हुई। मारपीट में दो प्रवासी मजदूर बुरी तरह घायल हुए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज में भर्ती कराई। जहां डॉक्टरों ने घायल की हालत गंभीर देख उसे सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया । पुलिस मारपीट करने वाले ट्रक के चालक और खलासी को हिरासत में ले लिया है।
मिली सूचना के अनुसार मारपीट में घायल हुए मजदूर आठ की संख्या में नोएडा से ट्रक में सवार होकर बृहस्पतिवार की शाम मऊ पहुंचे। बलिया मोड़ पर मजदूर दूसरी ट्रक पर सवार हो गए। बलिया मोड़ से डांडी चट्टी की दूरी चार किमी की रही होगी। डांडी चट्टी पहुंचने पर ट्रक चालक मजदूरों से प्रति व्यक्ति एक एक हजार रुपया किराया मांगने लगा। प्रवासी मजदूरों ने इसका विरोध किया। इस पर ट्रक चालक और खलासी उनसे विवाद कर लिए। बात बढ़ने पर चालक और खलासी ने ट्रक में रखे लोहे के रॉड से हमला कर दिया। इस दौरान दो मजदूर राजकुमार 36, सोनू 34 पुत्रगण गुलाब को गंभीर चोटे आई। दोनों मधुबन थाने के परासिया देवरा गांव के निवासी है। मारपीट की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज में भर्ती कराई। साथ ही ट्रक के चालक और खलासी को हिरासत में लेकर थाने पर बैठाए थी। दोनों घायलों की हालत गंभीर देख सीएचसी के डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।