Mau News : मऊ चौथी मिल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी। इसके बाद वह भाग गया। कार मालिक की सूचना पर पुलिस ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया तो उसने बैरिकेडिंग भी तोड़ दी। पुलिस ने 10 किलोमीटर तक पीछा किया तब जाकर चालक ट्रक के साथ पकड़ाया।
मऊ के मधुबन थाना क्षेत्र के चौथी मिल के पास बीती देर रात करीब नौ बजे बेकाबू ट्रक चालक ने सड़क किनारे कार में टक्कर मार दी। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक फरार हो गया। इस बीच, सूचना मिलने पर पहुंची मधुबन पुलिस ने करीब दस किमी तक पीछाकर चचाईपार से आरोपी चालक को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस ट्रक को सीज कर कार्रवाई में जुटी है।
विज्ञापन
मधुबन थाना क्षेत्र के कटघरा महलू गांव निवासी राजेश यादव उर्फ टाइगर ने बताया कि वह बीती रात मधुबन-घोसी मार्ग स्थित चौथी मील से कुछ दूर आगे अपनी कार को खड़ा किया था। इसी बीच, घोसी की तरफ से आ रही ट्रक अनियंत्रित होकर खड़ी कार में ठोकर मारकर भागने लगा।
गनीमत रहा कि वह कार से बाहर था, जिससे कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। हादसे के बाद उसके द्वारा मधुबन पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलने पर मधुबन प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्रिपाठी पुलिसकर्मियों के साथ कस्बा स्थित दुबारी मोड़ के ईर्द-गिर्द खड़े वाहनों को हटवाकर बैरिकेडिंग करके बेकाबू ट्रक को रोकने का प्रयास किया। लेकिन ट्रक चालक ने एक अन्य वाहन और बैरिकेटिंग को ठोकर मारते हुए मऊ की तरफ भागने लगा।
विज्ञापन
इसबीच करीब दस किमी तक पुलिस ने पीछा करके ट्रक व चालक को चचाईपार के समीप पकड़ लिया। इस संबंध में मधुबन एसओ ने बताया कि मामला संज्ञान में है, पुलिस ने पीछाकर आरोपी चालक को वाहन सहित पकड़ कर थाने ले आई है, पुलिस कार्रवाई में जुटी है।