कोपागंज । क्षेत्र के लैरोदोनवार नहर के पास शनिवार की देर शाम करीब सात बजे बेकाबू ट्रक ने साइकिल सवार को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रहा था। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोपागंज थाना क्षेत्र के लैरोदोनवार के पुरवा मनारी निवासी मुराली राजभर 50 पुत्र गनपत राजभर मजदूरी का कार्य कर परिवार का भरणपोषण करता था। शनिवार की शाम वह साइकिल से कोपागंज बाजार आया हुआ था। यहां सब्जी खरीदकर वापस घर जा रहा था। अभी वह अपने घर से महज 500 मीटर दूर लैरोदोनवार नहर के पास पहुंचा था कि कसारा की तरफ से तेज गती से आ रहे ट्रक चालक ने उसे टक्कर मार दिया। टक्कर लगते ही वह ट्रक के अगले पहिया के नीचे आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। उधर हादसे के बाद ट्रक चालक कुछ दूर जाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।