मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के शहीद चौराहे पर शनिवार की अल सुबह एक बाइक पर सवार सास-बहू की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। बाइक चला रहे युवक को मामूली रूप से चोट आई।
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सौसरवां गांव निवासी इसरावती (50 ) पत्नी बरखू अपनी बहू तारा देवी (30 ) पत्नी सुरेंद्र के साथ शनिवार की सुबह अपने भतीजे सीताराम पुत्र दीपचंद के साथ देवलास जा रही थी। देवलास में उसकी बहू का मायका है। जहां उसका पौत्र रहता है। उसकी तबीयत खराब होने पर सास-बहू दोनों उसे देखने के लिए जा रहीं थी।
मुहम्मदाबाद गोहना के रेलवे क्रासिंग के पार शहीर चौराहे के समीप एक बस चिरैयाकोट जाने के लिए खड़ी थी, उसके पीछे से एक ट्रक तेजी से आ रहा था। बाइक सवार ने बिना ओवरटेक किए ही ट्रक को जाने देने के लिए अपनी बाइक सड़क के बाएं लगा ली। इसी बीच बाइक के पीछे बैठी महिलाओं की ट्रक की पिछला हिस्से से टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद दोनों महिलाएं सड़क पर गिरी और सिर में गंभीर चोट के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार हड़बड़ाकर सड़क पर गिर गया। घटना से शहीद चौराहे पर हड़कंप मच गया।
आनन फानन लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना से बाइक सवार दीपचंद बदहवाश हो गया। सूचना पाकर मौके पर उनके परिवारीजन रोत बिलखते हुए पहुंचे। पुलिस ने ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।