मुहम्मदाबाद गोहना। पत्नी द्वारा मायके पक्ष से जमीन न दिलवाने पर मलेशिया से उसके पति ने फोन कर उसे तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने इस संबंध में रविवार को पति के साथ आठ लोगों के विरुद्ध मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
दर्ज मुकदमे के अनुसार मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के अलाउद्दीनपुर गांव निवासी आयशा पुत्री पीर मोहम्मद ने बताया कि उसकी शादी मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के बनियापार गांव निवासी अफसर अली पुत्र सगीर के साथ 23 मई 2021 को हुई थी । शादी के बाद उसे एक पुत्री पैदा हुई जो 3 वर्ष की है। बताया कि उसका पति मलेशिया में काम करता है, आरोप लगाया कि उसका पति और उसकी सास-ससूर, ननदों द्वारा मायके की जमीन ससुराल वालों को देने को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। जब उसने इसका विरोध किया तो इन लोगों ने उससे मारपीट की। आरोप लगाया कि इस बीच उसके पति ने मलेशिया से उसे फोन किया और जमीन को लेकर एक बार फिर चर्चा की, जब उसने दुबारा विरोध किया तो उसका पति फोन पर तीन तलाक दे दिया। उधर तलाक देने के बाद उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उससे मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर पति अफसर अली, ससुर सगीर, सास हमीदा, ननद सोनी, अफसाना, गुड़िया, देवर अशरफ और आसिफ के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।वहीं इस मामले में कोतवाल मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली रविंद्रनाथ राय ने बताया कि मामला संज्ञान में है, पीड़िता ने विदेश में रह रहे अपने पति पर फोन से तलाक देने और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया गया है, पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।