मऊ। जिला क्रीड़ाधिकारी मुकेश कुमार सब्बरवाल ने बताया कि खेल निदेशालय लखनऊ के तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष हाकी प्रतियोगिता का आयोजन 01 से 06 दिसंबर तक क्षेत्रीय खेल कार्यालय झांसी में किया जाएगा।
उक्त प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सीनियर पुरुष हाकी प्रतियोगिता हेतु जिला खेल कार्यालय द्वारा जनपदीय चयन व ट्रायल्स 25 नवंबर 2023 को डा. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रातः 10 बजे से किया जाएगा। प्रतिभाग करने वाले सीनियर पुरुष हाकी खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड लाना अनिवार्य है।
जिले के इच्छुक सीनियर पुरुष हाकी खिलाड़ी इस चयन व ट्रायल में भाग ले सकते हैं। जिले स्तर पर चयनित सीनियर पुरुष हाकी खिलाड़ी दिनांक 28 नवम्बर को क्षेत्रीय खेल कार्यालय आजमगढ़ में प्रतिभाग करेंगे।