मऊ। अभी तक मऊ-बलिया के लोग सीएनजी के लिए आजमगढ़ का मुंह देखते थे। टैंकर लेट हुआ तो पंप पर लंबी लाइन, कभी-कभी पंप ही बंद। अब ये झंझट खत्म होने वाला है। मऊ के मतलूबपुर में सीएनजी का कोको मदर स्टेशन युद्धस्तर पर बन रहा है। अगले साल अप्रैल से यहीं से मऊ और बलिया के सभी पंपों को सीएनजी सप्लाई होगी।
वर्तमान में आजमगढ़ मंडल में अभी 27 सीएनजी स्टेशन हैं। जिसमें आजमगढ़ में 15, मऊ में 06 और बलिया में 06, लेकिन मदर स्टेशन आजमगढ़ में ही होने के कारण मऊ-बलिया को हमेशा इंतजार करना पड़ता था। लेकिन अब जिले में खुद मदर बन जाएगा।इसके अलावा मऊ-बलिया मार्ग पर पहसा के पास भी एक नया सीएनजी स्टेशन खुलेगा, जहां अभी एक भी पंप नहीं है। घोसी में भी नया स्टेशन शुरू हो चुका है। यानी अब मऊ के हर रूट पर सीएनजी मिलेगी।
कंपनी का अपना स्टेशन। अभी जो पंप हैं वो डीलर चलाते हैं, लेकिन मदर स्टेशन कंपनी खुद चलाएगी। यहां से बड़ी-बड़ी कैस्केड गाड़ियों में भरकर सीएनजी छोटे पंपों तक भेजी जाएगी।इससे तीन फायदे होंगे। इसमें पहला फायदा यह होगा कि सप्लाई कभी रुकेगी नहीं, शॉर्टेज की समस्या दूर होगी। साथ ही प्रेशर फुल मिलेगा, जिससे गैस जल्दी भरेगी।
रेंट गैस ने सीजीडी नेटवर्क में गहराई से निवेश किया है। मऊ में मदर स्टेशन बनने से आम आदमी को सस्ती और पर्यावरण के अनुकूल गैस मिलेगी। - सतीश, ऑपरेशन हेड, आजमगढ़