घोसी। नगर के बड़ागांव स्थित स्व अतुल कुमार अंजान के आवास पर रविवार को उत्तर प्रदेश किसान सभा की जिला काउंसिल की बैठक हुई। जिलाध्यक्ष देवेंद्र प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में 12 फरवरी को जिला मुख्यालय पर होने वाले प्रदर्शन की रणनीति बनाई गई। देवेंद्र प्रसाद मिश्र ने कहा कि आज किसान महंगाई, महंगे डीजल, खाद, बीज और बिजली के बोझ से परेशान हैं। सरकार बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन जब किसान की बात आती है तो चुप्पी साध लेती है। किसान नेता शेख हिसामुद्दीन भाई ने कहा कि जब तक किसानों की फसल का लाभकारी मूल्य और कृषि से जुड़ी मूलभूत समस्याओं का हल नहीं होगा, आंदोलन लगातार जारी रहेगा। इसके क्रम में 12 फरवरी को जनपद मुख्यालय पर ट्रेड यूनियनों और किसान सभा के तत्वावधान में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान पीएन सिंह एडवोकेट, रामकुमार भारती, गुफरान अहमद, जयराम यादव, संतोष यादव मुन्ना, जनार्दन यादव, महातम चौहान, अनीस अहमद आदि रहे।