सुल्तानीपुर बाजार में आयोजित हिंदू सम्मेलन का उद्घाटन करते पूर्व मंत्री यशवंत सिंह। संवाद
हिंदू सम्मेलन में अतिथियों ने समाज को संगठित रखने प बल दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
करहां। मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के सुल्तानीपुर बाजार में रविवार को हिंदू सम्मेलन हुआ। इसमें लोगों ने सामाजिक समरसता, शिक्षा के प्रसार और संस्कार युक्त जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया गया। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री व पूर्व एमएलसी यशवंत सिंह ने कहा कि संगठित समाज ही विकास की मजबूत नींव रखता है, इसलिए नई पीढ़ी को शिक्षा के साथ संस्कार और नैतिक मूल्यों से जोड़ना जरूरी है।
अध्यक्षता करते हुए पूर्व ग्राम प्रधान सत्यनारायण यादव ने कहा कि सनातन परंपरा किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि अनुशासन, मर्यादा और संस्कारों पर आधारित जीवन पद्धति है। भारत की विभिन्न सांस्कृतिक धाराएं सिख, जैन और बौद्ध परंपराएं भी इसी व्यापक जीवन दर्शन से प्रेरित रही हैं। उन्होंने समाज से पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने और गुरुजनों, बड़ों के सम्मान की परंपरा बनाए रखने का आह्वान किया। अवधेश सिंह ने कहा कि बदलते समय में युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना आवश्यक है। शिक्षा के साथ नैतिकता और जिम्मेदारी की भावना से ही एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। संयोजन एवं संचालन समाजसेवी अजय गुप्ता ने किया। सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में उदयशंकर चौरसिया, यशवंत उपाध्याय, जमालुद्दीन अहमद, कथावाचक जगदीश सिंह, रमाकांत यादव, वेदप्रकाश राय और लोकगायक हरिकेश यादव ‘पगला’ उपस्थित रहे।