मऊ। नगर स्थित डीसीएसके पीजी कॉलेज के प्रांगण में मंगलवार को जनपदस्तरीय रोवर रेंजर्स समागम का उद्घाटन हुआ। मुख्य अतिथि महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार रहे। कुलपति ने महाविद्यालय में नवनिर्मित रोवर रेंजर्स भवन का उद्घाटन किया।
कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार ने कहा कि आज का दौर सरकारी नौकरी पाने की होड़ करने का नहीं बल्कि नौकरी देने का है।
समागम के संयोजक प्रोफेसर शर्वेश पांडेय ने कहा कि आज से अगले तीन दिनों तक प्रतिभागियों को अनुशासन के प्रेरणा के साथ कार्य करना है। प्रतिभागियों के लिए प्रतियोगिताएं सिर्फ मेडल के लिए नहीं बल्कि बेहतर व्यक्ति बनने के लिए भी होता है।
संत रविदास का संदर्भ देते हुए प्राचार्य ने कहा कि हमें श्रम के महत्व को समझना चाहिए और इसे कम करके नहीं देखना चाहिए। उद्घाटन सत्र के समापन में आभार ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम की आयोजन सचिव डॉ. सुधीर सिंह ने सभी अतिथियों, रोवर रेंजर्स और टीम प्रभारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की रूपरेखा महाविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. चंद्रप्रकाश राय ने रखा।
समागम में कुल आठ महाविद्यालय की 13 टीमों ने प्रतिभाग किया। जिसमें सात रेंजर्स की टीम और छह रोवर्स की टीम रही। टीम प्रभारी के रूप में रानीपुर से डॉ. शकील खान, रतनपुरा से डॉ. अब्दुल कादिर, डॉ. रचना सिंह, डॉ. पीयूष रंजन सिंह, डॉ. प्रदीप कुमार राय, चिरैयाकोट से डॉ. चंद्रभान सिंह रहे।
महाविद्यालय प्रांगण की टीम का नेतृत्व डॉ. घनश्याम दुबे, रश्मि पांडेय ने किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में महाविद्यालय प्रबंधन समिति के मंत्री गौरीशंकर खंडेलवाल, सदस्य कृष्ण कुमार खंडेलवाल, गौरव कुमार खंडेलवाल उपस्थित रहे। जनपदस्तरीय कार्यक्रम में कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर शर्वेश पांडेय ने अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्रम और पुष्पगुच्छ से किया।