अखिल भारतीय राजभर संगठन के तत्वाधान में राजभर समाज की बैठक राष्ट्रीय सचिव जय प्रकाश राजभर की अध्यक्षता में कस्बे के दुबारी मोड़ गांगेबीर बाग में सम्पन्न हुई। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने भासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और उनका पुतला फूंका। राजभर समाज के लोगों को गठबन्धन के नाम पर बार बार बेचने का आरोप लगाया।
संगठन के महासचिव रामानंद राजभर ने कहा कि राजभर समाज के लोगों ने अपनी जाति के दबे कुचले लोगों के उत्थान के लिये जब ओमप्रकाश राजभर ने पहली बार पार्टी की नींव डाली तो सारे राजभर समाज के लोंगो ने ओमप्रकाश राजभर का साथ देकर मजबूत बनाने का काम किया। कहा कि भाजपा में विलय मंजूर लेकिन गठबंधन के नाम पर वसूली मंजूर नहीं है।
कहा कि अगर भाजपा भासपा से गठबन्धन करती है तो राजभर समाज उसका कड़ा विरोध करेगा। रामदरश राजभर ने कहा कि हम अपनी ताकत पहचान चुके है हमने घोसी लोकसभा क्षेत्र से हरिनारायण राजभर को सांसद बनाकर दिल्ली की अदालत में प्रतिनिधित्व करने के लिये भेज दिया है। कहा कि भासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कसम खाई थी कि वह समाज के उत्थान के लिए प्रयास करेंगे लेकिन वह कभी चुनाव नहीं लड़ेंगे लेकिन वह अपनी इस बात पर भी खरा नहीं उतरे। बैठक में राजेश राजभर, मुन्ना प्रसाद राजभर, अशोक राजभर, डा. शिवकुमार राजभर, डॉ सजंय राजभर, भुआल राजभर, नगीना राजभर आदि उपस्थित रहे।