दोहरीघाट थाना क्षेत्र के रसूलपुर स्टेट गांव में स्थित प्राचीन शिव मंदिर का ताला तोड़कर बुधवार की रात चोर अष्टधातु की राधा-कृष्ण एवं काली की तीन मूर्तियां एवं अन्य चांदी की पूजा सामग्री आदि उठा ले गए। रात में मंदिर से ही कुछ दूरी पर गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों से चोरों की भिड़ंत भी हुई। पुलिस ने घने कोहरे के बीच एक चोर को पकड़ भी लिया है और उसके आधार पर अन्य चोरों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने कुछ मूर्तियां बरामद भी कर ली है, लेकिन अभी मामले के खुलासे पर चुप्पी साधे हुए है। तीनों मूर्तियां रसूलपुर स्टेट जमींदार परिवार के पूर्वजों द्वारा कई सौ साल पहले स्थापित कराई ई बताई जा रही हैं। इस संबंध में पुजारी ने पुलिस को तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के रसूलपुर स्टेट गांव में जमींदार परिवार की कृष्णा सिंह बबुनी के पूर्वजों द्वारा गांव में प्राचीन शिव मंदिर की स्थापना की गई है। यहां शिवलिंग के अलावा लगभग डेढ़ फुट की तीन अष्टधातु की मूर्तियां स्थापित हैं। मूर्तियां बेशकीमती बताई जा रही है। यहां पर पूजा पाठ के लिए गांव के ही चंद्रभूषण पुजारी भी तैनात किए गए हैं। नित्य की भांति बुधवार की शाम को वह मंदिर का ताला बंद करके घर चले गए। रात में चोर आए और मंदिर का ताला तोड़कर उसमें रखी राधा-कृष्ण एवं काली की मूर्ति उठा ले गए। मंदिर से चांदी की बांसुरी सहित डमरू आदि भी गायब हैं। रात में ही चोर जब चोरी के बाद बाइक से जा रहे थे तो वहा से कुछ दूरी पर गश्त कर रहे रसूलपुर चौकी के सिपाहियों ने उन्हें देखा। पुलिस के सायरन की आवाज सुनकर चोर इधर उधर भागने लगे। कोहरे का लाभ उठाकर कई चोर फरार हो गए पर पुलिस ने एक को पकड़ लिया।
सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने चोर को पकड़कर कुछ मूर्तियां एवं चांदी की बांसुरी आदि भी बरामद कर ली है, लेकिन अभी फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना की जानकारी जब गांव के लोगों को हुई तो सुबह वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। पुजारी ने इसकी सूचना वाराणसी रह रहे जमींदार परिवार की रसूलपुर स्टेट कृष्णा सिंह को दी। सूचना मिलने के बाद वह भी गांव के लिए रवाना हो र्गइं। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक रवींद्र सिंह का कहना है कि शिव मंदिर से चोरी की घटना का खुलासा जल्द ही पुलिस करेगी। पुलिस मामले में जांच पड़ताल में जुटी है कि वह गायब मूर्तियां अष्टधातु की है या नहीं। इसमें कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।