मऊ। खाद्य सुरक्षा व औषधि विभाग के आयुक्त के निर्देश पर जिले में अमानक मसाला के विक्रय की रोकथाम को लेकर रविवार को भी अभियान चलाया गया। टीम ने दो जगहों से तीन क्विंटल से ज्यादा अमानक हल्दी जब्त करने के साथ दोनों सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा और दोनों दुकानदारों को नोटिस दिया गया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरके दीक्षित के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम रविवार को दोहरीघाट कस्बा बाजार पहुंची। टीम ने यहां सत्यपाल चौरसिया के प्रतिष्ठान से 2 क्विंटल 40 किलो हल्दी पाउडर अंश ब्रांड को जब्त करने के साथ सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा गया। वहीं 29 किलो एक्सपायर मसाला जब्त कर वाद संस्तुति करने के लिए नोटिस दिया गया। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इसीक्रम में चमन ईकाई निर्माण से चमन बहार मीट मसाला का नमूना भी लिया है।
इसीक्रम में टीम ने गोठा सप्ताहित बाजार में विनोद कुमार के यहां से 20 किलो अमानक हल्दी पाउडर जब्त करने की कार्रवाई की गई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त और जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल के निर्देश पर अमानक मसाला के विक्रय को लेकर छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इस मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी बिंदू पांडेय, रामानंद, जयहिंद तथा पंकज कुमार यादव शामिल रहे।