सरायलखंसी थाना क्षेत्र के भवरेंपुर गांव के कार-बाइक की टक्कर के बाद मौके पर जुटी भीड़।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ/बढ़आगोदाम/रानीपुर। जिले के दो थाना क्षेत्रो में अलग-अलग हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक घायल हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सरायलखंसी थाना क्षेत्र में अनियंत्रित कार ने बाइक में टक्कर मारा जिससे बाइक सवार दो की मौत हो गई। वहीं रानीपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। बढुआगोदाम : थाना क्षेत्र के भवरेंपुर गांव निवासी वीरेंद्र यादव (55) मंगलवार की रात चार मजदूरों के साथ गेहूं की मड़ाई करा रहे थे। काम खत्म होने के बाद वह दो मजदूरों को उनके घर बाइक से छोड़ने निकले थे। वह गांव से बाहर मऊ-आजमगढ़ फोरलेन पर पहुंचे थे कि आजमगढ़ की तरफ से आ रही अनियंत्रित कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में भवरेंपुर गांव निवासी किसान विरेंद्र यादव और रानीपुर थाना क्षेत्र के बलुआ खुरहट गांव निवासी मजदूर अच्छेलाल (52) की मौके पर मौत हो गई। जबकि खुरहट गांव निवासी मजदूर राम किशुन 50 घायल हो गया। पुलिस ने घायल मजदूर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी केके गुप्ता ने बताया कि कार चालक को पुलिस हिरासत में लेकर थाने ले आई। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रानीपुर : थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी अजय सिंह (49) इमिलिया मुहल्ले में रहते थे। वह परिवहन विभाग में कार्यरत थे। मंगलवार की शाम वह फतेहपुर गांव में एक तिलकोत्सव में शामिल होने गए थे। वहां से वह रात साढ़े 11 बजे घर के लिए रवाना हुए। गोकुलपुरा स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस से 100 मीटर पहले अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। रात में घर न पहुंचने पर परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की। भोर में किसी ने सड़क किनारे शव देखकर सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे गए। मृतक के भाई अरूण कुमार सिंह ने थाने में तहरीर दी। दोहरीघाट : थाना क्षेत्र के अहिरानी पेट्रोल पंप के पास मंगलवार की देर शाम अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आने से बढ़ई अजय विश्वकर्मा 32 घायल हो गया। वह बसारथपुर में काम पूरा कर अपने घर घोसी कोतवाली क्षेत्र के सरया गांव बाइक से लौट रहा था कि हादसे की जद में आ गया। परिजनों ने उसे आजमगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मृतक मजदूर अच्छे लाल।फाइल फोटो- फोटो : MAU
मृतक किसान विरेंद्र यादव।फाइल फोटो- फोटो : MAU