रतनपुरा। बड़ी बहन की ननद की शादी में तीन दिन पहले 24 अप्रैल को आई युवती बहन के देवर को दिल दे बैठी। शादी की जिद पर अड़ गई। मामला इस कदर बढ़ गया कि दोनों पक्ष परेशान हो गए। मामला हलधरपुर थाने पहुंचा जहां पुलिस परिजनों एवं गणमान्य जनों की उपस्थिति में दोनों की शादी करा दिए। पूरे क्षेत्र में शादी को लेकर चर्चाएं रही। हलधरपुर के करऊत ग्राम पंचायत के ताजपुर बारी पुरवे निवासी नागेंद्र राजभर की बेटी की बीते 24 अप्रैल को शादी थी। शादी में बड़ी बहू की छोटी बहन रंभा राजभर निवासी चांणी थाना करीमुद्दीनपुर गाजीपुर भी आई थी। इसी बीच रंभा बहन की देवर सुनील को दिल दे बैठी। शादी के लिए अड़ गई। पहले तो परिजनों ने समझाने बुझाने का प्रयास किया। मामला पुलिस तक पहुंचा तो शनिवार को पूर्व ग्राम प्रधान लल्लन प्रजापति एवं दोनों पक्ष के परिजनों की उपस्थिति में हलधरपुर थाना स्थित राधा कृष्ण मंदिर में रंभा और सुनील ने वरमाला पहनकर एक साथ पति-पत्नी के रूप में रहना स्वीकार कर लिया। पर दोनों पक्षों के परिजनों सहित थाना अध्यक्ष हरेंद्र यादव, पूर्व प्रधान लल्लन प्रजापति समेत बड़ी संख्या में लोगों ने वर वधु को सफल वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।