मुहम्मदाबादगोहना। स्थानीय कस्बा के एक बड़े लोहा व्यवसायी एवं स्कूल के प्रबंधक काे कुछ अज्ञात लोगों ने अपहरण कर जान से मारने की धमकी दी है। बदमाशों का फोन आने के बाद व्यवसायी दहशत में हैं। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी है। पुलिस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।जनपद के बड़े लोहा व्यवसायियों में शामिल कस्बा के राणा प्रताप सिंह एक प्रतिष्ठित विद्यालय के प्रबंधक भी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 18 मई की सुबह 11 बजकर 33 मिनट पर उनके मोबाइल पर किसी ने फोन कर उनका अपहरण करने और जान से मारने की धमकी दी। बदमाश ने गाली देते हुए कहा कि अगर घर से बाहर निकलोगे तो तुम्हारा अपहरण कर जान से मार दिया जाएगा।
हालांकि इसके पहले भी उन्हें साल 2021 में बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी थी। तब पुलिस ने उनकी सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया था। ताजा घटना में धमकी के बाद स्कूल प्रबंधक ने पुलिस को सूचना देकर घटना से अवगत कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों की माने तो धमकी देने वाले मोबाइल की लोकेशन आजमगढ़ जनपद के लालगंज के पास मिली है। लेकिन दो घंटे बाद ही उस मोबाइल का लोकेशन मुहम्मदबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के बंदीकला गांव के आसपास होना पाया गया है। पुलिस ने स्कूल प्रबंधक की तहरीर पर जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कर किया है।