कोपागंज। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के अतरारी गांव निवासी व्यक्ति ने कोपागंज के दो लोगों के विरुद्ध तहरीर दी। जिसमें दोनों पर लाखों रुपये लेकर उसके दो भाईयों को फर्जी वीजा पर मलेशिया भेजने का आरोप लगाया। उधर, मलेशिया पुलिस ने वीजा फर्जी होने पर दोनों को जेल भेज दिया। वापस आने पर जब दोनों आरोपियों से इसकी शिकायत की गई तो वह पीड़ित युवकों को जान से मारने की धमकी देने लगे। अतरारी निवासी इरशाद अहमद पुत्र नेसार अहमद ने तहरीर में कहा हे कि एक साल पहले वह कोपागंज थाना क्षेत्र के कोपाकोहना तथा कुर्थीजाफरपुर निवासी दो व्यक्ति से मिला था। इन दोनों ने उसके भाई शादाब तथा चचेरे भाई साजिद को मलेशिया भेजने की बात कही। झांसे में आकर उसने एक लाख 90 हजार रुपए उसे दे दिए। जिसके बाद उसके भाई वीजा लेकर सिंतबर 2019 में मलेशिया चले गए। लेकिन वहां वीजा फर्जी मिलने पर वहां की पुलिस ने दोनों को जेल में डाल दिया। दिसंबर में लौटने पर जब दोनों ने आरोपियों से पैसा वापस मांगा तो वह उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगे। जिस पर पीड़ित लोगों ने उनके खिलाफ थाने में तहरीर दी।