मुहम्मदाबाद गोहना। कोतवाली क्षेत्र के खुशामदपुर गांव के टीपक्काबाद मौजा स्थित हनुमान मंदिर में शुक्रवार की रात चोरी हो गई। चोर ताला तोड़ कर इनवर्टर, बैटरी, साउंड सिस्टम, दानपात्र, घंटा आदि उठा ले गए। सुबह मंदिर में पूजा करने जाने पर पुजारी को जानकारी हुई तो उसने शोर मचाया। पुलिस ने मौका मुआयना किया। ग्रामीणों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। खुशामदपुर गांव में चिरैयाकोट मुख्य मार्ग से बंदिकला गॉव को जाने वाले रोड पर हनुमान मंदिर है। एक साल पहले ही मंदिर का निर्माण कराया गया है। मंदिर में बजरंगबली समेत अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित की गई हैं। ग्रामीणों ने चंदा कर उसमें इनवर्टर, बैट्री, माइक, साउंड, इत्यादि की व्यवस्था की थी। शुक्रवार की रात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर सभी सामान चुरा लिए। सुबह चार बजे मंदिर के पुजारी केदार पांडे जब पूजा करने पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा मिला और अंदर से सामान गायब थे। पुजारी ने गांव के लोगों को चोरी की जानकारी दी। मंदिर में चोरी की खबर मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अलंकार यादव, विरेंद्र तिवारी, पूर्व प्रधान छोटू प्रसाद समेत सैकड़ों ग्रामीण मौके पर आ गए। मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय दरोगा और 112 नंबर पुलिस ने घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने पुलिस को तहरीर दी है। मालूम हो कि उक्त गांव में विगत डेढ़ महीने के अंदर चोरी की दूसरी घटना है। पहली घटना में भी चोरों ने एक अन्य मंदिर में से सामान चुराए थे। लेकिन पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट नहीं दर्ज की थी।